संत सेवा

संत सेवा का महत्व

साधु और संतो की सेवा करने से साक्षात् ईश्वर प्रसन्न होते हैं।

महामृत्युंजय मठ साधु संतो की सेवा के लिए हमेशा तत्पर है।

भगवान श्री महाकाल, श्री विष्णु या उनके किसी भी अवतार की प्रेम भक्ति की आकांक्षा रखने वालों के लिए साधु संतो की दया प्राप्त करना आवश्यक है। परमात्मा को पाने के लिए संतों का संग करना जरूरी है। जो इंसान संतों की सेवा करता है सत्संग सुनता है वही परमात्मा को पा सकता है। संतों की सेवा का मौका अच्छे कर्मों से मिलता है। जो इंसान हमेशा सच बोलता है, भगवान की भक्ति करता है, किसी का दिल नही दुखाता, सदैव कमजोर की मद्द को तैयार रहता है वह संतो के समान है। ऐसे इंसान का संग करने से ही इंसान को अच्छी आदतें ग्रहण करने का मौका मिलता है। 

साधु-संतों की संगति आम जन के लिए लाभदायी, पुण्यदायी और मोक्षदायी मानी गई है। ब्रह्मा, विष्णु और महेश की तरह सृजन, पोषण एवं कल्याण के अधिष्ठाता साधु-संत ही होते हैं। समाज और राष्ट्र में संस्कार का सृजन, शुभ विचारों से व्यक्तित्व का उत्थान करना, वैचारिक पोषण और दिव्य कर्मों से जन-जन के कल्याण का काम साधुओं द्वारा होता है। जब मानव का जीवन कामना और वासना के वशीभूत होकर पतित हो जाता है तब साधु-संतों के उपदेश मानव के अंतर्मन में ज्ञान की ज्योति जलाकर और अंत:करण के अंधियारे को मिटाकर उसे भटकने से बचाते हैं। वास्तव में साधु-संतों के पास उत्कृष्ट विचारों का दिव्य स्त्रोत होता है। उनके माध्यम से वे परोपकार, सेवा, सत्कर्म, यज्ञ, पूजा, प्रवचन और सत्संग कर मानव को सही दिशा दिखाकर उसका कल्याण करते हैं। उनकी संगति जन-जन के कल्याण के लिए दिव्य कर्मों की प्रेरणा देकर पोषण व उत्प्रेरणा प्रदान करती रहती है। साधु-संतों के प्रभाव से मानव में दिव्य कर्म करने की आदत बन जाती है और निकृष्ट कर्म से व्यक्ति मुक्ति पाता है।

साधु-संत पारस पत्थर की तरह अपनी संगति का लाभ देते हैं। जैसे कुरूप और मूल्यहीन लोहा पारस पत्थर की संगति से मूल्यवान स्वर्ण बन जाता है। उसी प्रकार तुच्छ व्यक्ति साधु की संगति से स्वर्ण की तरह मूल्यवान ही नहीं, अपितु महान बन जाता है। जिस तरह चंदन वन के आसपास का परिवेश भी उसकी सुगंध से महक उठता है, उसी तरह सामान्य जन भी साधु संगति की सुगंधि का लाभ पाकर जीवन को सुगंधित कर लेते है। देवर्षि नारद की संगति से रत्नाकार डाकू और भगवान बुद्ध की संगति से अंगुलिमाल जैसे डाकू संत बन गए। कहा भी गया है, ‘संगत से गुण होत है, संगत से गुण जात। बास-फास मिसरी सब एके भाव बिकात।’ अच्छी और बुरी संगति का प्रभाव उनके अनुसार पड़ता ही है। इसलिए जीवन में सुख प्राप्त करने के लिए हमारे पूर्वजों ने अच्छी संगति को श्रेयस्कर बताया है। ऐसी संगति ही जीवन को सुवासित करती है।

Post navigation

Product added to cart